Ticker

6/recent/ticker-posts

रक्तदान दिवस पर कविता - रक्तदान पर शायरी - Poem On Blood Donation

रक्तदान, जीवनदान

(जीवन काव्य तरंग)


“विश्व रक्त दान/रक्त दाता दिवस के शुभ अवसर पर सभी रक्त दाताओं को हमारी ओर से ढेर सारी हार्दिक शुभकामनाएं। आपके हाथों में हैं मौत से संघर्ष करती असंख्य जिंदगियां। आपके रक्त दान करने से उजड़ते हुए चमन में फिर बहार आ सकती है।”

दुनिया में रक्तदान जीवनदान होता है,
यह कार्य बड़ा नेक और महान् होता है।
किसी दाता का ज्यादा कुछ नहीं जाता,
वह तो प्राप्तकर्ता हेतु भगवान होता है।
दुनिया में रक्तदान………….

समय पर अगर, रक्त मिल जाए तो,
संभव समस्या का, समाधान होता है।
किसी की जान जा रही होती है जब,
सबसे बड़ी मुसीबत में इंसान होता है।
दुनिया में रक्तदान………….

अबतक रक्त का कोई विकल्प नहीं है,
शुद्ध रक्त, जीवन का निशान होता है।
रक्तदाता से बड़ा इंसान, कोई नहीं है,
रक्तदान भगवान का सम्मान होता है।
दुनिया में रक्तदान…………….

यमराज को लौटकर जाना पड़ता खाली,
जब जान पर, दाता मेहरबान होता है।
दाता शरीर को, कोई फर्क नहीं पड़ता,
न किसी प्रकार का नुक़सान होता है।
दुनिया में रक्तदान………….

सोचें नहीं, आगे आकर, रक्तदान करें,
यह जीवन पर बड़ा एहसान होता है।
रक्तदान से अकाल मृत्यु को हराएं,
इंसान, इंसान के लिए वरदान होता है।
दुनिया में रक्तदान…………..

प्रमाणित किया जाता है कि यह रचना स्वरचित मौलिक एवं अप्रकाशित है। इसका सर्वाधिकार लेखक/कवि/कलमकार के पास सुरक्षित है।

सूबेदार कृष्णदेव प्रसाद सिंह,
जयनगर (मधुबनी), बिहार


रक्तदान महादान - विश्व रक्तदान/रक्तदाता दिवस पर कविता

रक्तदान महादान

विश्व रक्तदान/रक्तदाता दिवस विशेष

(कविता)
रक्तदान महादान, यह जीवन की शान है,
जग जानता है यह करुणा की पहचान है।
इस महादान से जिंदगी जीत जाती जंग,
हर रक्तदाता, जाती जान हेतु वरदान है।
रक्तदान महादान…
जबतक किसी के तन में रक्त प्रवाह है,
जग में तबतक सुरक्षित उसकी जान है।
रक्तदाता कोई आम इंसान नही होता है,
रक्त प्राप्तकर्ता के लिए वह भगवान है।
रक्तदान महादान…
रक्त बिन सीने में दिल का क्या काम?
साफ साफ कथा कहता प्राणी विज्ञान है।
रक्त के कारण ही कोई दिल धड़कता है,
वरना यह दिल तो बहुत बड़ा बेईमान है।
रक्तदान महादान…
रक्त की कमी से जान पर आता खतरा,
चाहे कोई क्यों न, बहुत बड़ा धनवान है!
एक दीन रक्तदाता का महत्व ज्यादा है,
चाहे समाज में उसका जो भी स्थान है।
रक्तदान महादान…
यह महादान करनेवाला महादानी होता है,
उसके सामने कुछ भी नहीं आसमान है।
यह महादान लाखों जान बचाता जग में,
इस पर ईश्वर को भी बड़ा अभिमान है।
रक्तदान महादान…
प्रमाणित किया जाता है कि यह रचना स्वरचित, मौलिक एवं अप्रकाशित है। इसका सर्वाधिकार कवि/कलमकार के पास सुरक्षित है।
सूबेदार कृष्णदेव प्रसाद सिंह,
नासिक (महाराष्ट्र)/
जयनगर (मधुबनी) बिहार


रक्तदान जीवनदान पोस्टर - Blood Donation Image


रक्तदान महादान पर कविता - रक्तदान पर दोहे

रक्तदान दिवस पर विशेष

दोहा मुक्तक प्रेषित
बढ़ चढ़कर के कीजिए,
रक्तदान श्रीमान।
सच कहता हूं आपसे,
इससे बड़ा न दान।।
अनदेखा मत कीजिए,
रक्त दीजिए वक्त।
रक्त बचाता है सदा,
प्रिय घायल की जान।।

देने से घटता नहीं,
रक्त कभी श्रीमान।
त्यागी दानी का करे,
सारा जग सम्मान।।
दान करेंगे रक्त का,
आओ मिलजुल हम।
रक्त बिना जीवन नहीं,
इतना रखना भान।।

रक्त व्यर्थ जाता नहीं,
मिलता है वरदान।
विपति समय पर आपकी,
रक्त बचाता जान।।
रक्तदान कर देखिए,
मिले सुखद अनुभूति।
जो बढ़कर करते यहां,
बंधु रक्त का दान।।

एक बूंद ही रक्त की,
बंधु बचाए जान।
रक्तदान से बढ़ नहीं,
जग में कोई दान।।
सर्व धर्म कहते यही,
रखना इतना ध्यान।
जान बचाकर देखिए,
महक उठे उद्यान।।
मैं घोषणा करता हूं कि यह दोहा मुक्तक मौलिक स्वरचित हैं।
भास्कर सिंह माणिक, कोंच


रक्तदान है महादान - Poem On Blood Donation

विश्व रक्तदान दिवस
रक्तदान महादान

रक्तदान जीवन माया,
अनमोल धरोहर है।
बहुत बड़ा महादान,
यह पवित्र सरोवर है।।

एक-एक बूंद काम की,
समझों सभी नर-नार।
प्राण बचाकर तुम भी,
बन जाओ तारनहार।।

चाहे जो कुछ भी हो,
मना कभी मत करना।
आगे बढ़कर पहले,
अपना फर्ज निभाना।।

रक्तदान कर सभी जन,
ईश्वर महिमा जानों।
उसी की कृपा का फल,
इसको भी तुम मानो।।

कोई किसी का नहीं,
एक दिन सबको जाना।
मत भटकों इधर उधर,
सब की जान बचाना।।
रामबाबू शर्मा,राजस्थानी,दौसा(राज.)


रक्तदान जीवनदान पर कविता - रक्तदान महादान पर स्लोगन

विधा - कविता
विषय - रक्तदान
रक्तदान से ही मिलता जीवन दान है।
रक्तदान ही तो कहलाता महादान है।।
इंसान अपने खून से बचाता जीवन,
मानव तब कहलाता सबसे महान है।।

रक्त कम होते ही होता नवीन सृजन,
एक नए उत्साह से भर जाता जीवन,
रक्तदाता का सारे ही करते गुनगान है।
रक्तदान से ही मिलता जीवन दान है।।

एक यूनिट खून में होते हैं तीन घटक,
रक्तदान से कटते तीन लोगों के संकट,
तीन माह के अंतर से देते रक्तदान है।
रक्तदान से ही मिलता जीवन दान है।।

रक्तदाता ना देखे किसके प्राण बचाये,
सोच हमारा खून किसीके काम आए,
बिना स्वार्थ के मानव देता रक्तदान है।
रक्तदान से ही मिलता जीवन दान है।।

रक्त के संचार से मानव दिल धड़कता,
जरूरतानुसार रक्त खुद ही झट बनता,
रक्त से ही होती मानव की पहचान है।
रक्तदान से ही मिलता जीवन दान है।।

राजकुमार छापड़िया
मुम्बई, महाराष्ट्र

Read More और पढ़ें:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ